अजित राठौर मस्तुरी /- बिलासपुर जिले के मस्तुरी क्षेत्र में जर्जर सड़क का मुद्दा अब राजनीतिक तूल पकड़ने लगा है। सड़क निर्माण की मांग को लेकर जिला पंचायत सभापति एवं कांग्रेस नेता दामोदर कांत आज लावर चौक पर भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं। उनका आरोप है कि लंबे समय से जर्जर सड़क के निर्माण को लेकर लगातार शिकायत और मांग की जा रही है, लेकिन अब तक जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया। इसी नाराजगी के चलते उन्होंने भूख हड़ताल शुरू कर दी है।
भूख हड़ताल को कांग्रेस के कुछ नेताओं के साथ स्थानीय ग्रामीणों का भी समर्थन मिल रहा है। वहीं इस आंदोलन के बाद मस्तुरी कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति में भी हलचल तेज हो गई है। दरअसल, एक ओर कांग्रेस विधायक सड़क निर्माण के लिए स्वीकृति मिलने का दावा कर रहे हैं, तो दूसरी ओर जिला पंचायत सभापति दामोदर कांत इस दावे को खारिज कर रहे हैं। सड़क स्वीकृति को लेकर कांग्रेस नेताओं के बीच ही अलग-अलग बयान सामने आने लगे हैं। अब यह विवाद सोशल मीडिया तक पहुंच गया है, जहां कांग्रेस के ही नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। फिलहाल जर्जर सड़क का मुद्दा विकास के दावों और कांग्रेस की आपसी खींचतान के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।


